पटाखे से लगी आग में लाखों की संपत्ति राख

पानापुर/दरियापुर : थाने के धनौती गांव में शुक्रवार की देर रात पटाखे की चिनगारी से लगी आग में सैकड़ों बोझा गेहूं, मोटरसाइकिल, साइकिल व कपड़े जल कर राख हो गये. घटना के संबंध में बताया जाता है कि भोला सिंह की पुत्री की आयी बरात में पटाखे छोड़े जा रहे थे. इसी बीच पटाखे की […]

पानापुर/दरियापुर : थाने के धनौती गांव में शुक्रवार की देर रात पटाखे की चिनगारी से लगी आग में सैकड़ों बोझा गेहूं, मोटरसाइकिल, साइकिल व कपड़े जल कर राख हो गये. घटना के संबंध में बताया जाता है कि भोला सिंह की पुत्री की आयी बरात में पटाखे छोड़े जा रहे थे.
इसी बीच पटाखे की चिनगारी बबन सिंह के दालान पर रखे गेहूं के बोझे पर जा गिरी और आग लग गयी. तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की चपेट में आकर बबन सिंह के दालान में रखे मोटरसाइकिल, साइकिल, अनाज और कपड़े भी पूरी तरह से जल कर राख हो गये. आग और विकराल रूप धारण करता, इससे पहले सूचना पाकर पानापुर एवं मशरक थाने की फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच आग को काबू में कर लिया. हालांकि दालान एवं घर के दरवाजे एवं खिड़कियों में आग पकड़ लिया था.
दरियापुर संवाददाता के अनुसार, डेरनी बाजार स्थित तीन दुकानों में बीती रात पटाखे से आग लग जाने से कई लाख रुपये के सामान जल कर स्वाहा हो गये. इस अगलगी में रामराज महतो की फर्नीचर दुकान भी राख हो गयी. इसमें दो दीवान पलंग, कुरसी, टेबल आदि सामान ग्राहकों के आर्डर पर बना था, वह सब जल गया. रामराज महतो ने मजदूरी के जमा पैसे व कर्ज लेकर दुकान खोली थी. वहीं, राजनारायण सिंह दो कट्ठा जमीन बेच कर लोहे का ग्रिल बनाने की दुकान खोली थी. लेकिन, पटाखे की आग से दो जेनेरेटर, बेल्डिंग मशीन तथा बोर मशीन जल गयी. उधर, राजनारायण अपनी पुत्री के विवाह मंडप पर दान करने की रस्म निभा रहे थे. तीसरी दुकान दिव्यांग राजेश सहनी की थी, जो गुमटी में जेनरल स्टोर का सामान बेच कर जीविका चलाते थे.
इस गुमटीनुमा दुकान में रखे पांच हजार नकद भी जल गये. बीते शुक्रवार के दिन में पांच हजार का सामान उधार भरा था, लेकिन शुक्रवार की रात आयी बरात में छोड़े गये पटाखे ने तीन दुकानदारों का निवाला छीन लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >