विद्यालय में हंगामा, सड़क जाम

आक्रोशित ग्रामीणों ने की नारेबाजी बनियापुर : अध्ययन के लिए विद्यालय जा रही छात्रा अनियंत्रित बाइक की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. सूचना पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे आक्रोशित ग्रामीण विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एचएम एवं शिक्षकों के विरुद्ध जम कर नारेबाजी की एवं […]

आक्रोशित ग्रामीणों ने की नारेबाजी

बनियापुर : अध्ययन के लिए विद्यालय जा रही छात्रा अनियंत्रित बाइक की चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. सूचना पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे आक्रोशित ग्रामीण विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एचएम एवं शिक्षकों के विरुद्ध जम कर नारेबाजी की एवं हो-हंगामा किया. बाद में बनियापुर-टेढ़ी घाट मुख्य सड़क पर विद्यालय के सामने सरेया चैमुखी पर सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया.

लगभग दो घंटे तक आवागमन पूर्णतः बाधित रहा. जाम व हो-हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा एवं यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों के उग्र रूप को देख विद्यालय के सभी शिक्षक फरार हो गये एवं पूरे समयावधी तक पठन-पाठन का कार्य बाधित रहा. अध्ययन को आये छात्र-छात्रा भी प्रदर्शन में शामिल रहे. घटना अंचल दो के प्राथमिक विद्यालय, सरेयां कन्या की है. गंभीर रूप से घायल छात्रा स्थानीय गांव के नंद किशोर राम की छह वर्षीया पुत्री शारदा कुमारी है, जो प्रथम वर्ग में पढ़ती है. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से घायल छात्रा को इलाज के लिए स्थानीय रेफरल अस्पताल ले गये, जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया गया.

बाइकचालक फरार होने में सफल रहा. सूचना पर निवर्तमान मुखिया श्रवण कुमार महतो, पैक्स अध्यक्ष ओम प्रकाश राय एवं जंग बहादुर महतो ने काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया. इसके बाद स्थिति सामान्य हुई एवं आवागमन प्रारंभ हुआ. आक्रोशित ग्रामीण चंदन कुमार, पंकज कुमार, मंजू कुंवर, नीरज कुमार, जीतेंद्र यादव सहित दर्जनों लोगों का आरोप था की अध्ययन को आनेवाले छात्रों को सड़क के किनारे खुले आसमान में पेड़ के नीचे पढ़ाया जाता है. शिक्षकों की लापरवाही के चलते छात्र बारबार सड़क पार कर पानी पीने जाते हैं एवं सड़क पर उछल-कूद करते रहते हैं. आज की घटना भी छात्रा द्वारा सड़क पार कर पानी पीने जाने के क्रम हुआ. इस संबंध में जब एचएम मीरा देवी से बात की गयी, तो उन्होंने तमाम आरोपों को गलत एवं बेबुनियाद बताते हुए मामले को राजनीति से प्रेरित बताया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >