बनियापुर : बरात में चल रहे आॅर्केस्ट्रा पार्टी के नृत्य के दौरान फरमाइशी गीत गाने को लेकर शनिवार की रात विवाद हो गया. इसके बाद शरारती तत्वों ने बरात पक्ष के लोगों की जम कर पिटाई कर दी. जिनमें दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. शरारती तत्व उत्पात मचाते हुए बरात में आये कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. वर पक्ष के भाई के गले से सोने की चेन, साटे में देने के लिए रखे साठ हजार रुपये से भरा बैग,
आॅर्केस्ट्रा पार्टी के कई कीमती वाद्ययंत्र सहित लाखों रुपये के सामान लेकर फरार हो गये. उत्पात मचानेवाले शरारती तत्वों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की. हालांकि फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. यह घटना थाने के बेरूई गांव की है. दुल्हे के चाचा व हरपुर गोशाला निवासी अर्जुन सिंह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें बेरूई गांव निवासी सुरज कुमार, विट्टू कुमार, विकास कुमार सिंह, निर्मल सिंह सहित 20-30 अज्ञात को नामजद किया है. थाने के ही हरपुर गोशाला से धनंजय सिंह की बरात थाना क्षेत्र के ही बेरूई निवासी बबन सिंह के यहां आयी थी.
