छपरा (सदर) : तरैया के राजद विधायक मुंद्रिका प्रसाद यादव तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी चंद्रकिशोर प्रसाद यादव के बीच मंगलवार को दूरभाष पर गरमा-गरम बहस हुई. बहस के दौरान विधायक छपरा परिसदन में ठहरे हुए थे. मामला तरैया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एसएनजी उच्च विद्यालय रामपुर अटौली के भवन के संबंध में विधायक श्री यादव द्वारा तारांकित प्रश्न उठाये जाने के बाद डीइओ द्वारा दिये गये जांच आदेश को लेकर है. इस दौरान विधायक व डीइओ ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत एक- दूसरे को देख लेने तक की बात कही.
इस संबंध में पूछे जाने पर डीइओ चंद्रकिशोर प्रसाद यादव ने कहा कि एसएनजी उच्च विद्यालय रामपुर अटौली के संबंध में विधायक द्वारा उठाये गये सवाल के संबंध में उन्होंने जांच रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें कहा था कि विद्यालय भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त है. कुछ कमरे ठीक हैं, अधिकतर कमरे अनुपयोगी हो गये हैं. डीइओ ने यह भी कहा कि इस विद्यालय का भवन निर्माण व अन्य शैक्षणिक विकास के कार्यों के लिए 39 लाख 50 हजार रुपये की राशि आयी थी, जिसे विद्यालय प्रशासन द्वारा लौटा दिया गया, पंरतु किसी ने इस दिशा में ध्यान नहीं दिया. विधायक के द्वारा मेरी जांच रिपोर्ट पर ही सवाल उठा कर मुझे धौंस दिखायी जा रही है.
वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर विधायक श्री यादव ने कहा कि उनके द्वारा विधानसभा में दो दिन पूर्व तारांकित प्रश्न एसएनजी उच्च विद्यालय के बारे में उठाया गया था, जिसका जवाब डीइओ ने बिना जांच किये ही भवन के आंशिक क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट दे दी, जबकि विद्यालय का भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त है. भवन के अभाव में पठन-पाठन मुश्किल ही नहीं लगभग 750 बच्चों के लिए असंभव हो गया है. वे विद्यालय के विकास के प्रति संकल्पित है. उन्होंने कहा कि हमने डीइओ को कोई धमकी नहीं दी है.
