दिघवारा : छपरा-सोनपुर रेलखंड पर डुमरी जुअरा व बड़ा गोपाल स्टेशनों के मध्य मंगलवार की देर शाम चलती डाउन लिच्छवी डाउन एक्सप्रेस से परिजनों ने एक अविवाहित गर्भवती युवती को फेंकने का मामला प्रकाश में आया है. उक्त युवती गड़खा थाना क्षेत्र के बसंत गांव की बतायी जाती है.
मिली जानकारी के मुताबिक, उक्त युवती को परिजन मंगलवार की सुबह गर्भपात कराने के लिए छपरा के एक निजी क्लिनिक ले गये थे, जहां डॉक्टर ने छह हजार रुपये की मांग की. पर्याप्त रुपये उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजन उक्त युवती को लेकर 14006 डाउन लिच्छवी एक्सप्रेस में सवार हुए. मगर जैसे ही उक्त ट्रेन ने डुमरी जुअरा हाल्ट को पार किया, वैसे ही परिजनों ने काफी प्रयास के बाद लड़की को चलती ट्रेन से फेंक दिया. इसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया. उधर, घटना के बाद उक्त ट्रेन लगभग एकघंटा तक बड़ा गोपाल स्टेशन परखड़ी रही. खबर के मुताबिक, रेल लाइन के किनारे घायल मिली लड़की का इलाज ग्रामीणों की पहल पर कराया गया. उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. उधर, सूचना मिलते ही मामले की जांच करने जीआरपी की टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो गयी थी.
