मढ़ौरा :थाना क्षेत्र के चंदा स्कूल के निकट सशस्त्र अपराधियों ने गोली मार 35 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गयी. मृतक वीरेंद्र सिंह लेरूआ नर्वधा गांव के स्व. प्रभुनाथ सिंह का पुत्र बताया जाता है. घटना तब हुई ,जब वीरेंद्र सिंह चंदा बाजार से सब्जी खरीद कर अपने घर लौट रहा था.
आस-पास के लोगों के अनुसार, अपराधियों की संख्या तीन बतायी जाती है. अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद मढ़ौरा एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने घटनास्थल तथा मढ़ौरा अस्पताल में पहुंच कर छानबीन की. एसडीपीओ श्री सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर घटना की वजह आपसी विवाद बतायी जाती है. अपराधियों ने गरदन में ही गोली मारी है. उधर,
घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर वीरेंद्र सिंह की हत्या के बाद खबर पाते ही परिजनों पर जहां दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल व अस्पताल पहुंच गये. घटना को लेकर लोगों में भय व्याप्त है. एसडीपीओ श्री सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जायेगी. समाचार प्रेषण तक परिजनों के द्वारा किसी भी प्रकार का बयान पुलिस को नहीं दिया गया है.
