दिघवारा : छपरा-पटना मुख्य सड़क पर दरियापुर थाना क्षेत्र की शीतलपुर कोठी के समीप गुरुवार की देर रात अनियंत्रित बाइक के विद्युत पोल से टकरा जाने के कारण बाइक सवार तीन युवकों में दो गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने रेफर कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक, दिघवारा थाना क्षेत्र के हेमतपुर निवासी सूरज प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार व उमेश प्रसाद का 18 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार समेत तीन युवक एक अपाची बाइक पर सवार होकर सोनपुर मेला घूमने के बाद घर लौट रहे थे.
इसी बीच पट्टी पुल के समीप छपरा से हाजीपुर जा रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गयी एवं अनियंत्रित बाइक ने विद्युत पोल में ठोकर मार दी. इस घटना में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. बाद में ग्रामीणों की पहल पर दोनों घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दिघवारा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
