छपरा : वर्षों से लंबित पड़े स्नातक ग्रेड में शिक्षकों की प्रोन्नति एवं प्रधानाध्यापक के रिक्त पड़े पदों को अविलंब प्रोन्नति देकर भरा जाये. उक्त मांग प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा आयोजित जिलास्तरीय धरना में शिक्षक नेताओं ने प्रमुखता से रखी. उन्होंने कहा कि चुनाव के कारण ठप पड़ गये विभागीय कार्यों को गति प्रदान करते हुए अधिकारी शिक्षा व शिक्षक हित के कार्यों को अविलंब अमली जामा पहनाएं अन्यथा संघ चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होगा.
राज्य संघ के आह्वान पर मुख्य रूप से सात मांगों को दोहराया गया, जिसमें नियोजित शिक्षकों की वेतन निर्धारण नियमावली की विसंगतियों को दूर करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सावधिक व वार्षिक परीक्षा पद्धति को पुन: प्रारंभ करना आदि शामिल हैं. धरना की अध्यक्षता प्रमंडलीय अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने की. संचालन प्रधान सचिव दिनेश कुमार सिंह ने किया.
मौके पर जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह नित्यानंद सिंह, शमसुद्दौला सिद्दीकी, संजय कुमार, अरविंद कुमार सिंह, रामदेव राम, मो. कलामुद्दीन, सुरेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, तौकिर उस्मान अंसारी, आस मोहम्मद, अनुज सिंह, श्याम नारायण सिंह, ओम प्रकाश रस्तोगी, जयराम प्रसाद समेत अन्य ने संबोधित किया.
