छपरा (सारण) : बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर जालसाजी कर बहाल होने वाले अभ्यर्थी को नगर थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया. जालसाज सिपाही के खिलाफ सार्जेंट मेजर ने प्राथमिकी दर्ज करायी है.
थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रवि कुमार ने बताया कि सिपाही चयन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में स्कॉलर बैठा कर उत्तीर्ण होने वाले मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कोरिऔनी गांव के गिरानी यादव का पुत्र है. स्कॉलर की पहचान नवादा जिले के नवीनगर निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार सिपाही मुकेश कुमार के बारे में केंद्रीय चयन पार्षद को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कॉलर बैठा कर उसने परीक्षा पास की है. इसी के आधार पर जांच की गयी.
जांच में सिपाही के अंगुठा का निशान और हस्ताक्षर में अंतर पाया गया. जालसाजी पकड़े जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है और उसे गिरफ्तार किया गया है. बताते चले कि जिले में जालसाजी का यह तीसरा मामला है. इसके पहले भी दो प्राथमिकी दर्ज हुई थी, जिसमें तीन अभ्यर्थियों को जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
