संवाददाता, सोनपुर
स्काउट एंड गाइड के राज्य स्तरीय प्रथम राज्य रैली के दूसरे दिन पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के मुगलसराय, दानापुर, समस्तीपुर, धनबाद व सोनपुर रेल मंडलों के छह जिला संघ के प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में भाग लिया. वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खूब शाबाशी बटोरी. रैली में कैंप क्राफ्ट प्रतियोगिता के तहत कैंप क्राफ्ट गेट में संटू कुमार, ब्रह्मांड कुमार, जूली कुमारी, दिव्या भारती व उनकी टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया. उधर, भाषण प्रतियोगिता में मनीष कुमार, अर्चना कंचन ने हिस्सा लिया. भाषण के विषय भ्रष्टाचार पर इनके विचार को खूब सराहना मिली. वहीं आतंकवाद विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में काफी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया. इस अवसर पर अनुपयोगी रद्दी सामान से हस्त कला के प्रयोग से विभिन्न प्रकार के उपयोगी सामान स्काउट एंड गाइड द्वारा बनाये गये. इस अवसर पर प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त गाइड हुस्ना आरा ने किया. इस अवसर पर निदेशक कार्यक्रम गाइड रीना कुमारी समेत अन्य रेंजर भी उपस्थित थे. निदेशक उदय कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर निर्वाचक मंडल का गठन भी किया गया. इसमें टीएस विश्वास, एनके मेहता, अशोक सिन्हा, नीरज चंद मिश्र, विनीता सिन्हा, सत्येंद्र कुमार भारती, रामानंद, संतोष तिवारी आदि शामिल हैं. इस दौरान सभी जिला संघों से आये प्रतिनिधियों ने बाहरी जीवन, खेल वातावरण में रहने लायक आकर्षक गजट बनाये थे. गजट लाठी, रस्सी, बांस, बल्ली आदि से बनाये गये थे. ये गजट बाहरी जीवन में स्काउट गाइड के लिए बहुत ही उपयोगी सिद्ध होते हैं. संध्या पहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत गढहरा जिला संघ के द्वारा लोक नृत्य सोनपुर संघ के द्वारा देश भक्ति गीत, दानापुर संघ के द्वारा कैंप फायर गीत, समस्तीपुर व धनबाद द्वारा लोक गीत व लोक नृत्य, समस्तीपुर व धनबाद द्वारा देशभक्ति गीत की प्रस्तुति की गयी.
