दिघवारा : थाना क्षेत्र की बरूआ पंचायत के फरहदा गांव निवासी पंचम राय के 55 वर्षीय पुत्र लगन राय की मंगलवार की शाम बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गयी.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक लगन राय मंगलवार की शाम पट्टी पुल के समीप से घरेलू उपयोग की चीजों को खरीद कर लौट रहा था. इसी क्रम में जब वह ककढ़िया क्रीड़ा मैदान के पास से गुजर पीसीसी सड़क पर बाढ़ के पानी को पार कर रहा था कि इसी क्रम में पानी के बहाव में वह बह गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गयी. समाचार प्रेषण तक शव को ग्रामीणों द्वारा खोजने का कार्य जारी था.
एनएच पर चढ़ा पानी
मही नदी में लगातार बढ़ जल स्तर से पट्टी पुल के आसपास के लोगों की परेशानियां बढ़ गयी हैं. पानी में लगातार वृद्धि के कारण मंगलवार की दोपहर नदी का पानी एनएच 19 पर चढ़ गया एवं प्राथमिक विद्यालय सुमेरपट्टी के आगे एनएच 19 पर पानी का बहना तेजी से शुरू हो गया है.
जल स्तर में वृद्धि के कारण पट्टी पुल के एनएच 19 से सटी उत्तर व दक्षिण दिशा के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से लोगों की परेशानी बढ़ी है एव बाढ़पीड़ित परिवारों ने सड़क पर अपना आशियाना बना लिया है.
लोगों को राहत दिलाने में पहल करनेवाले मुखिया हरी सहनी का मकान भी चारों तरफ से बाढ़ के पानी में घिर गया है.
