छपरा, नगरः इंटरमीडिएट के सत्र 2012-14 के छात्रों की 11 वीं कक्षा का रिजल्ट अभी तक डीइओ कार्यालय में जमा नहीं करनेवाले प्लस टू स्कूल व कॉलेजों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा अंतिम अवसर दिया जा रहा है.
मालूम हो कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना द्वारा पूर्व में 25 मई, 2013 तक हर हाल में प्लस टू तथा इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत बच्चों की 11वीं का रिजल्ट विहित प्रपत्र में डीइओ कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया था. हालांकि अब भी काफी संख्या में प्लस टू स्कूलों व कॉलेजों द्वारा छात्रों की 11वीं का रिजल्ट डीइओ कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराया गया है. डीइओ, मधुसूदन पासवान ने बताया कि समिति द्वारा ऐसे स्कूल-कॉलेजों को अंतिम अवसर देते हुए एक हजार विलंब शुल्क के साथ 11 वीं का रिजल्ट 27 अगस्त, 2013 तक डीइओ कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है.
उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रपत्र में छात्रों का रिजल्ट 27 अगस्त तक डीइओ कार्यालय में प्राप्त किया जायेगा. उन्होंने कहा कि 11 वीं का रिजल्ट मिलने के बाद ही समिति द्वारा कार्यालय को छात्रों के रजिस्ट्रेशन के लिए ओएमआर प्रपत्र उपलब्ध कराया जायेगा. वहीं, ओएमआर प्रपत्र उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संबंधित स्कूल व कॉलेज के छात्र रजिस्ट्रेशन कराने से वंचित हो सकते हैं.
