– प्रमोद सिंह –
छपरा : कश्मीर के पूंछ में पाकिस्तानी सैनिकों के द्वारा गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिये गये जलालपुर प्रखंड के सम्हौता निवासी प्रेमनाथ सिंह की अंत्येष्टि के समय वहां उपस्थित लोगों की उस वक्त आंखें भर गयीं, जब उनके पिता एवं इकलौते पुत्र ने उन्हें सैल्यूट किया.
शहीद स्व सिंह को चिता की बेदी पर लिटा शव पर पुष्प चक्र अर्पित करते हुए सारण एसपी सुजीत कुमार एवं दो उप समाहर्ता उन्हें सैल्युट करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे.
अधिकारियों द्वारा सैल्यूट करते समय शहीद के पिता राजकुमार सिंह ने भी अपने पुत्र को सैल्यूट करने के लिए अपने हाथ को माथे में सटाया, इसे देख बगल में ही अपने चाचा की गोद में बैठे शहीद के नन्हे पुत्र प्रतीक ने भी अपने हाथ को सैल्यूट की मुद्रा में माथे से तब तक सटाये रखा जब तक एसपी एवं अन्य अधिकारियों के साथ उसके दादा ने भी सटाये रखा. इस मार्मिक दृश्य को देख कर सभी की आंखें छलछला गयीं.
वहीं नन्हा प्रतीक, जो न तो उस सैल्यूट का अर्थ ही समझ पाया और ना ही लोगों की उस भावना को, जो उसके द्वारा किये गये कार्य के कारण लोग भाव विह्वल हो गये.
