छपरा (सदर) : पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव में हुए हमले के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की जिला इकाई ने बुधवार को प्रतिवाद मार्च निकाला. यह शहर के विभिन्न चौक–चौराहों पर होते हुए नगरपालिका चौक पर पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया. इस अवसर पर जिला सचिव अहमद अली ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के गुंडों द्वारा पंचायत चुनाव के दौरान हत्या,अपहरण, डकैती, मारपीट की घटनाओं को अंजाम देकर लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला किया गया.
इससे बंगाल की जनता भयभीत है. उन्होंने कहा कि बंगाल में कम–से–कम पांच सौ सीपीएम कार्यकर्ताओं की जानें गयी हैं. वहीं, हजारों को घर छोड़ना पड़ा है. पंचायत चुनाव में छह सौ सीटों पर डर के कारण किसी विरोधी ने नामांकन नहीं किया, जिससे टीएमसी के उम्मीदवार निर्विरोध जीत गये.
माकपा नेता सत्येंद्र यादव ने कहा कि ममता बनर्जी द्वारा लोकतंत्र की हत्या कर लोगों को लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित किया जा रहा है. बच्चा प्रसाद यादव ने कहा कि इस घिनौनी हरकत के खिलाफ देश की जनता को एकजुट होने की जरूरत है. इस अवसर पर संबोधित करनेवालों में अग्निदेवी, राजवंशी राम, संतोष पांडेय, मुकेश साह, पप्पू यादव शामिल थे.
