मांझी : थाना क्षेत्र के नरपलिया गांव निवासी व झारखंड के लातेहार में तैनात सीआरपीएफ के जवान की हृदय गति रुक जाने से मौत हो गयी. मृत जवान नरपलिया निवासी काशीनाथ राम का पुत्र रामेश्वर राम है. स्व. राम का शव रविवार को घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
माता दरपनिया देवी, पत्नी शिव कुमारी देवी समेत अविवाहिता पुत्र-पुत्रियों के दहाड़ से गांव का माहौल गमगीन हो गया. शव के साथ आये सब इंस्पेक्टर संत कुमार व दिनेश कुमार ने बताया कि शनिवार को साढ़े तीन बजे ड्यूटी की पुकार हुई, तो रामेश्वर नहीं पहुंचा. जाकर देखने पर मालूम चला कि वह दुनिया छोड़ कर जा चुका है.
एक माह पूर्व ही वह घर से छुट्टी बीता कर वापस ड्यूटी पर गया था. रामेश्वर सीआरपीएफ की 11 वीं बटालियन में लातेहार में जवान के रूप में तैनात था. शव यात्रा में काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. शव के साथ आये जवान व मांझी थाने के पुअनि कामता प्रसाद के नेतृत्व में मांझी पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर की सशस्त्र सलामी दी. स्व. राम का दाह संस्कार सरयू नदी के तट पर संपन्न हुआ.
