छपरा. जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने धान खरीद को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक की और उसमें कई आदेश जारी किये. बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, डीएम एसएफसी, सभी बीसीओ एवं अन्य सभी सदस्य उपस्थित थे. डीएम ने खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अवसर पर धान खरीद के जिला स्तरीय टास्क फोर्स के सभी सदस्यों से एक-एक करके जानकारी ली. इस दौरान बताया गया कि इस वर्ष एक नवंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक धान खरीद की अवधि निर्धारित है. 30 जून 2026 तक सीएमआर लिया जायेगा. सारण जिला के लिये इस वर्ष 94777 टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित है. अभी तक लगभग 28022 एमटी धान की खरीद की गयी है.
27050 किसानों का हुआ है रजिस्ट्रेशन
इस वर्ष धान खरीद के लिए अभीतक 259 पैक्स एवं 10 व्यापार मंडल का चयन किया गया है. धान खरीद के लिए सारण जिला में 27050 किसानों का निबंधन हुआ है, जिसमें 19548 रैयत कृषक एवं 7502 गैर रैयत कृषक शामिल हैं.
33 में से आठ राइस मिल का हुआ वेरीफिकेशन
जिला में कुल 33 राइस मिल निबंधित हैं, जिनमें से आठ मिलों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है. शेष सभी मिलों की भौतिक जांच कर सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. राज्य खाद्य निगम के सभी सीएमआर गोदामों में गुणवत्ता नियंत्रक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित मानक के अनुरूप ही चावल जमा लेने का स्पष्ट निर्देश दिया गया.धान बेचने के इच्छुक किसानों की सूची तैयार करने का आदेश
जिला कृषि पदाधिकारी को पंचायतवार धान बेचने के इच्छुक किसानों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. पैक्स की राइस मिलों के साथ टैगिंग का प्रस्ताव सोमवार तक देने का निर्देश दिया गया. अतिरिक्त क्रेडिट की आवश्यकता से सम्बंधित कोई भी प्रस्ताव अविलंब भेजने का निर्देश सभी बीसीओ को दिया गया. निर्धारित अवधि में नियमित रूप से किसानों से समन्वय स्थापित कर उन्हें प्रेरित करते हुए धान अधिप्राप्ति के कार्य में अधिक से अधिक बढ़ोतरी लाने को कहा गया. इसके लिये समयबद्ध लक्ष्य का निर्धारण कर इसे पूरा करने के लिये स्पष्ट कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
