छपरा (नगर) : अभाविप के नेतृत्व में सोमवार को दो दर्जन से ज्यादा छात्र व परिषद कार्यकर्ताओं ने मशरक की हृदयविदारक घटना के खिलाफ प्रतिरोध मार्च निकाल कर विरोध जताया.
छात्रों का जत्था जिला व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिषद कार्यालय से निकल कर रामजयपाल कॉलेज, थाना चौक, समाहरणालय पथ होते हुए नगरपालिका चौक पर पहुंच सभा में बदल गया. सभा को संबोधित करते हुए परिषद के प्रदेश समिति सदस्य चरण दास ने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए मामले की सीबीआइ से जांच कराने की मांग की.
नगर मंत्री रंजन यादव ने कहा कि कार्रवाई में शिथिलता से लोगों का आक्रोश कम नहीं होगा. उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक परिषद कार्यकर्ता अपना आंदोलन जारी रखेंगे. प्रतिरोध मार्च में अवधेश कुमार, अभिषेक शर्मा, रवि पांडेय, वंशीधर कुमार, प्रतीक कुमार, महेश तिवारी, विशाल कुमार रमेश कुमार, राजू राय समेत काफी संख्या में परिषद कार्यकर्ता शामिल थे.
