जलालपुर : कोपा थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुसेहरी के एक नियोजित शिक्षक को प्रखंड में समंजन के दौरान अनियमितता बरतते हुए दूसरे विद्यालय में समायोजित करने के खिलाफ आक्रोशित छात्र व अभिभावकों ने जम कर हंगामा किया तथा विद्यालय में ताला बंद करते हुए दर्जनों बेंच को तोड़ डाला.
ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड शिक्षक संतोष कुमार, सीनियर होते हुए भी नियमित रूप से विद्यालय के पठन–पाठन कराते हैं. वहीं कुमार से जूनियर शिक्षक बहुत हैं, फिर भी सीनियर शिक्षक का समंजन किया गया, जो नियमानुकूल नहीं है.
वहीं आक्रोशित लोगों का कहना था कि समंजन जूनियर शिक्षकों का करना है, लेकिन प्रखंड समंजन समिति द्वारा नियम को ताख पर रख कर सेटिंग गेटिंग अपना कर कई सीनियर शिक्षकों का समंजन कर दिया गया है, जो अनियमितता है. आक्रोशित लोगों ने इस संबंध में डीएम से कार्रवाई करने की मांग की.
वहीं हंगामा की सूचना पाते ही स्थानीय थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने मौका पर पहुंच कर अभिभावकों को आश्वासन देते हुए शांत कराया. दोषियों पर कार्रवाई की जायेगी, जिस पर आक्रोशित अभिभावकों व छात्रों ने विद्यालय का ताला खोला.
