छपरा (नगर) : एक अच्छा खिलाड़ी हमेशा एक जिम्मेवार व अनुशासित नागरिक होता है. इस तरह की प्रतियोगिताएं कॉलेज के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका उपलब्ध कराती है. उपरोक्त बातें जेपी विवि के प्रतिकुलपति प्रो लोकेश चंद्र प्रसाद ने कहीं. वे सोमवार को विवि परिसर में आयोजित इंटर कॉलेज एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे.
प्रतिकुलपति ने विभिन्न कॉलेजों से खिलाड़ी के रूप में शामिल प्रतिभागियों से अच्छा प्रदर्शन करने की शुभकामना दी तथा अपनी उर्जा का उपयोग सकारात्मक कार्यो में लगाने की अपील की. इसके पूर्व प्रो प्रसाद ने बैलून उड़ा कर तथा खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी लेने के साथ ही दो दिवसीय इंटर कॉलेज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. वहीं, मुख्य अतिथि सह नप की अध्यक्ष शोभा देवी ने कहा कि ऐसे आयोजन को प्रतिवर्ष आयोजित किये जाने की जरूरत है. मौके पर कुलसचिव प्रो अच्युतानंद सिंह, सीसीडीसी प्रो आरपी बबलू, विधि अधिकारी डॉ जयराम सिंह, एनएसएस के विवि समन्वयक डॉ बीबी त्रिपाठी, डॉ विश्वामित्र पांडेय, डॉ केपी गोस्वामी उपस्थित थे. संचालन सांस्कृतिक सचिव डॉ अनिता तथा स्वागत आयोजन सचिव डॉ राजेश कुमार नायक ने किया.
21 कॉलेजों के प्रतिभागी शामिल
विवि परिसर में आयोजित जेपी विवि के सभी 27 अंगीभूत कॉलेजों के कुल 175 छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स के विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया. वर्ष 2011 में इंटर यूनिवर्सिटी खेल प्रतियोगिता ‘एकलव्य’ के बाद विवि में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं को लेकर छात्र-छात्राओं में गजब का उत्साह था. ठंड के बाद विवि के छपरा, सीवान व गोपालगंज के विभिन्न कॉलेजों के खिलाड़ी अपनी टीम मैनेजर व परिजनों के साथ पहुंचे थे.
