उद्घाटन पर सस्पेंस है बरकरार

दिघवारा : पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक मधुरेश कुमार ने गुरुवार को दरियापुर के बेला में अवस्थित देश के दूसरे रेल पहिया कारखाने का निरीक्षण किया एवं कारखाना परिसर में मौजूद संसाधनों व सुविधाओं का जायजा लिया तथा पदाधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली पर संतोष व्यक्त किया. दिन के लगभग 12 बजे जीएम श्री कुमार […]

दिघवारा : पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक मधुरेश कुमार ने गुरुवार को दरियापुर के बेला में अवस्थित देश के दूसरे रेल पहिया कारखाने का निरीक्षण किया एवं कारखाना परिसर में मौजूद संसाधनों व सुविधाओं का जायजा लिया तथा पदाधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली पर संतोष व्यक्त किया.
दिन के लगभग 12 बजे जीएम श्री कुमार रेलवे के वरीय पदाधिकारियों के साथ रेल पहिया कारखाना पहुंचे जहां कारखाने के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजीव मिश्र ने उनका स्वागत किया. इसके बाद इंजीनियर के परिधान में लैस होकर जीएम ने कारखाने की हर यूनिट का मुआयना किया एवं विभिन्न पदाधिकारियों व कर्मचारियों से उनके कार्यो की अद्यतन रिपोर्ट के साथ संपादित कार्यो का फीडबैक भी लिया. जीएम श्री कुमार ने पहिया निर्माण यूनिट में पहुंच कर काफी वक्त बिताया एवं लोहे गलाने की भट्ठी व पहिया निर्माण तरीकों को बारीकी से समझा. लगभग दो घंटे के निरीक्षण के क्रम में जीएम श्री कुमार कंप्यूटर यूनिट, इंजीनियरिंग यूनिटों के साथ कारखाने में मौजूद संसाधनों की उपलब्धता व पदस्थापित कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर किये गये उपायों को भी विस्तारपूर्वक समझा, निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री मिश्र ने जीएम श्री कुमार को पहिया कारखाना की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली व कर्मचारियों की उपलब्धता के बारे में विस्तारपूर्वक बताया. निरीक्षण के क्रम में सोनपुर डीआरएम राजेश तिवारी के साथ रेलवे के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद थे.
उद्घाटन के सवाल को टाल गये जीएम : निरीक्षण के क्रम में कारखाना पहुंचे जीएम श्री कुमार से पत्रकारों ने जब यह पूछा कि कहीं उनका निरीक्षण कार्यक्रम कारखाना के उद्घाटन के पूर्व का कदम तो नहीं है, तो जीएम श्री कुमार ने इस सवाल को टालते हुए कहा कि उनका निरीक्षण एक रूटीन वर्क है. उद्घाटन कब और किसके द्वारा किया जायेगा, इसका फैसला मंत्रलय करता है.
कर्मचारियों की संख्या में कमी : कारखाने में अच्छे ढंग से कार्य करने के लिए इंजीनियरों समेत लगभग एक हजार रेलकर्मियों की आवश्यकता है. मगर, जरूरत के हिसाब से कर्मियों की प्रतिनियुक्ति नहीं हो सकी है. वर्तमान में इस कारखाने में लगभग 725 कर्मचारी कार्यरत हैं. हालांकि रेलवे ने कर्मचारियों की कमी को दूर करने का जल्द भरोसा जताया है.
कारखाना कहीं नये साल का तोहफा, तो नहीं : रेलवे द्वारा इस पहिया कारखाने के उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा है. लोकसभा चुनाव से पूर्व यह खबर फैली थी कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह एवं यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी द्वारा इसका उद्घाटन किया जायेगा. मगर ऐसा नहीं हो सका. इधर, कुछ दिनों से जिले में यह खबर तैर रही है कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कारखाने का उद्घाटन करेंगे. बहरहाल देखना यह है कि इस कारखाने का उद्घाटन वर्ष 2014 में हो पाता है या फिर यह सारणवासियों के लिए नये साल का तोहफा बनता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >