रिविलगंज : पूर्वोत्तर रेलवे के गौतम स्थान स्टेशन पर यात्रियों का हंगामा थम नहीं रहा है. मंगलवार की रात में डाउन गरीब नवाज एक्सप्रेस को कंट्रोल द्वारा रोके जाने से आक्रोशित यात्रियों ने जम कर हंगामा किया. बताया जाता है कि डाउन गरीब नवाज एक्सप्रेस ट्रेन 12 घंटे विलंब से रात को 1.37 बजे पहुंची, जिसे रोक कर अप साइड के माल ट्रेन और स्वतंत्रता सेनानी सुपर फास्ट से क्रॉसिंग कराया गया.
इतना ही नहीं, डाउन साइड के पायलट इंजन और राजधानी एक्सप्रेस को ओवर टेक कराया गया. इस पर यात्री आक्रोशित हो गये और हंगामा करने लगे. यात्रियों को शांत कराने के लिए राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को हस्तक्षेप करना पड़ा. यात्रियों के हंगामे के बाद 3.28 बजे गरीब नवाज का परिचालन किया गया.
यात्रियों ने बताया कि ठंड व कुहासे के कारण विलंबित ट्रेन को कंट्रोल के द्वारा रोका गया, जिससे यात्री आक्रोशित हो गये और हंगामा करने लगे. बताते चलें कि सोमवार की रात दिल्ली-छपरा एक्सप्रेस को कंट्रोल द्वारा रोके जाने से यात्रियों ने हंगामा किया था.
