छपरा (कोर्ट) : अवैध रूप से लॉटरी का धंधा कर रहे तीन धंधेबाजों को मुफस्सिल थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इन धंधेबाजों के पास से नकद, मोबाइल, बाइक व साइकिल भी बरामद की है. इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मिश्र ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली की थाना क्षेत्र अंतर्गत विश्वविद्यालय के समीप कुछ लोग लॉटरी का अवैध धंधा चला रहे हैं.
सूचना पर उन्होंने छापेमारी की, तो वहां धंधा चला रहे तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया. हालांकि कुछ भागने में सफल भी रहे. पकड़े गये व्यक्तियों में सभी तीनों इसी थाना क्षेत्र के हैं, जिसमें नेवाजी टोला के मुकेश सिंह, गुड्डू सिंह तथा शिवनगरी निवासी राजेश राय शामिल हैं. इनके पास से छह हजार नकद, लॉटरी का टिकट, एक मोटरसाइकिल व दो साइकिल के साथ ही मोबाइल बरामद किया गया है. तीनों धंधेबाजों को जेल भेज दिया गया.
