बनियापुर : ऑर्केस्ट्रा संचालक की प्रताड़ना से तंग आकर पायल ऑर्केस्ट्रा की दो नर्तकियों ने घर भागने का प्रयास किया. इसी बीच ऑर्केस्ट्रा संचालक के शागिर्द थाना क्षेत्र के हर्षपुरा में नर्तकियों को पकड़ बलपूर्वक अपने ठिकाने पर लाने का प्रयास करने लगे. नर्तकियों के साथ संचालक द्वारा बल प्रयोग करते देख स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गये एवं नर्तकियों को अपने संरक्षण में ले लिया.
इस पर संचालक अपने शागिर्दो के साथ ग्रामीणों से मारपीट पर उतारू हो गया. स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गयी. मामले की सूचना पर पीएसआइ सतीश कुमार अपने दल-बल के साथ वहां पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया एवं दोनों नर्तकियों को अपने कब्जे में ले लिया और थाने ले आये. घटनास्थल पर पुलिस को पहुंचते ही संचालक अपने शागिर्दो के साथ फरार हो गया.
पश्चिम बंगाल के बावनगाछी की रहनेवाली दोनों नर्तकियां संपा एवं तुंपा ने बताया कि पूरे लग्न की मौसम में जी-तोड़ मेहनत कराने के बाद संचालक द्वारा हम लोगों का तय मेहनताना नहीं दिया जा रहा है. वहीं, संचालक द्वारा शराब पीकर हमलोगों की पिटाई की जाती है. सिगरेट से कई अंगों पर दागे जाने की बात बताते हुए जख्म भी दिखाये.
संचालक द्वारा अड्डे पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा उनके साथ अनैतिक कार्य करने का दबाव बनाया जाता है. वहीं, संचालक के आदेश का उल्लंघन करने पर मारपीट की जाती है. महिला नर्तकी ने थाना जाने के समय स्थानीय ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया कि उनकी सक्रियता से उन्हें मुक्ति मिली और वे कल घर पहुंच जायेंगी.
इस संबंध में जब ऑर्केस्ट्रा संचालक दिलीप सिंह से बात की गयी, तो उन्होंने सभी आरोप को गलत बताते हुए मामला प्रेम-प्रसंग का बताया एवं कहा कि दोनों नर्तकियां स्थानीय दो युवकों के साथ भाग रही थीं, जिन्हें वापस लाने का प्रयास किया जा रहा था. इस पर ग्रामीण गलत अर्थ लगा हो-हंगामे पर उतारू हो गये. समाचार प्रेषण तक दोनों नर्तकियां थाने पर ही थीं और प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी. मामले का अनुसंधान चल रहा है.
* नर्तकियों ने संचालक पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
* नर्तकियों पर बल का प्रयोग होता देख ग्रामीणों में दिखा आक्रोश
* पुलिस ने नर्तकियों को कब्जे में लिया
* नर्तकियों ने ग्रामीणों के प्रति जताया आभार
