छपरा (सारण). प्रतिमा विसजर्न के दौरान उपद्रव मचाने के मामले में उपद्रवियों के खिलाफ शिकंजा कसना पुलिस ने शुरू कर दिया है. इस मामले की जांच पुलिस प्रशासन के द्वारा कई स्तर पर करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. गुरुवार को भगवान बाजार थाने में पुलिस ने एक और प्राथमिकी दर्ज की है.
प्रतिमा विसजर्न जुलूस के दौरान ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी रविकांत कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें 21 नामजद तथा 70-80 अज्ञात उपद्रवियों को अभियुक्त बनाया गया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. साथ ही अज्ञात उपद्रवियों की पहचान करने के लिए कई स्तरों पर पुलिस प्रयास कर रही है. पुलिस के द्वारा भगवान बाजार थाना क्षेत्र में लगाये गये सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. सीसी टीवी कैमरे की फुटेज से उपद्रवियों की पहचान भी पुलिस ने कर ली है.
