छपरा (सारण): मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्रिलोकी महतो हत्याकांड नैनी गांव के रणजीत महतो उर्फ चोन्हर महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
इस मामले में पुलिस ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. त्रिलोकी की हत्या के कारणों का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार, त्रिलोकी की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण हुई है और खाने-पीने के लिए रणजीत महतो उर्फ चोन्हर महतो ने घर से बुला लिया था.
अगले दिन सुबह में त्रिलोकी का शव बरामद हुआ था. यह घटना सोमवार की रात की है. मंगलवार की सुबह नैनी गांव से शव बरामद होने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये थे और सड़क को जाम कर यातायात को बाधित कर दिया था. इस दौरान पुलिस ने 36 घंटे के अंदर कांडों का उद्भेदन कर लिये जाने का आश्वासन दिया था. त्रिलोकी के परिजनों द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में किसी का नाम नहीं है, लेकिन पुलिस ने जांच के क्रम में रणजीत महतो उर्फ चोन्हर महतो को त्रिलोकी हत्याकांड में संलिप्त पाया और गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को संदेह के आधार पर पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है.
क्या कहती है पुलिस
त्रिलोकी महतो की हत्या के कारणों का पता चल गया है. प्रेम प्रसंग के कारण उसकी हत्या की गयी थी. खिलाने-पिलाने के बहाने घर से उसे उसके साथी बुला कर रात में ले गये थे और हत्या करने के बाद शव को बांसबाड़ी में फेंक दिया था. इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इस घटना में संलिप्त अन्य अपराधियों को भी पकड़ लिया जायेगा.
शंभु शरण सिंह
थानाध्यक्ष, मुफस्सिल, छपरा
