पानापुर : थाना क्षेत्र के बाकवां गांव में रविवार को एक लड़की से छेड़खानी को लेकर दो गुटों के बीच तनाव व्याप्त हो गया. तनाव के मद्देनजर स्थानीय पुलिस मामले पर पैनी नजर बनाये हुए है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार की दोपहर पीड़ित लड़की शौच के लिए बाहर गयी थी, जहां पहले से घात लगाये एक युवक ने उसका हाथ पकड़ कर झाड़ी में ले जाने लगा. बचाव के लिए लड़की जब चिल्लाने गयी, तो आसपास के खेतों में काम कर रहे मजदूर घटना स्थल की ओर दौड़े. लोगों को अपनी ओर आते देख युवक मौके से फरार हो गया. गांव में खबर पहुंचते ही दो गुटों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया.
घटना के बाद रविवार की शाम दोनों गुटों के प्रबुद्ध लोगों की पहल पर पंचायती बुलायी गयी, लेकिन मामला सुलझ नहीं पाया. सोमवार की सुबह भी दोनों पक्षों के बीच पंचायती बुलायी गयी थी, लेकिन पंचायती शुरू होने से पहले ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गयी. मारपीट की सूचना पाकर थानाध्यक्ष अमित कुमार दर्जनों एसटीएफ जवानों के साथ बाकवां गांव घटना स्थल पर पहुंचे.
इस दौरान पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. पीड़ित लड़की के आवेदन पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है एवं स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है.
