बहनोई ने साले की गोली मार कर हत्या की

छपरा (कोर्ट) : पत्नी की विदाई को लेकर हुए विवाद में एक पियक्कड़ बहनोई ने अपने शिक्षक साले की गोली मार कर हत्या कर दी. गोली मारने के बाद वह मोटरसाइकिल से फरार हो गया. वहीं, साले की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर स्थित चांदमारी रोड निवासी […]

छपरा (कोर्ट) : पत्नी की विदाई को लेकर हुए विवाद में एक पियक्कड़ बहनोई ने अपने शिक्षक साले की गोली मार कर हत्या कर दी. गोली मारने के बाद वह मोटरसाइकिल से फरार हो गया. वहीं, साले की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.

मृतक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर स्थित चांदमारी रोड निवासी स्व. अरविंद सिंह का पुत्र एवं मढ़ौरा के शिल्हौड़ी उच्च विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक 28 वर्षीय सुनील कुमार सिंह हैं. वहीं, गोली मारनेवाला बहनोई रिविलगंज थाना क्षेत्र के इनई निवासी स्व. पशुपति सिंह का पुत्र संजय कुमार सिंह बताया जाता है.

घटना के संबंध में मृतक के भाई व जेपी यूनिवर्सिटी के कर्मचारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दिन के लगभग 11 बजे संजय अपना लाइसेंसी राइफल लेकर मोटरसाइकिल से उनके घर आया. वह अपनी पत्नी रिंकू देवी को जबरन अपने घर ले जाना चाहता था. उन्होंने बताया कि संजय उनकी बहन की हमेशा पिटाई करता था. पांच रोज पूर्व भी उसने बुरी तरह से उसकी पिटाई की थी.

इसी वजह से उनलोगों ने बहन को अपने घर बुला लिया था. वे लोग स्थायी समाधान होने तक बहन की विदाई नहीं करने की सोच रहे थे कि गुरुवार को संजय आ धमका. उसके हाथ में राइफल व उसको तेवर देख घर के लोगों ने अंदर से कमरे का दरवाजा लगा लिया, दरवाजा बंद देख संजय ने राइफल से फायरिंग की. उसी वक्त सुनील उसके सामने आ गया, जिसको देख उसने राइफल की नाल उसकी गरदन पर रख फायरिंग कर दी.

गोली लगते ही सुनील गिर पड़ा और संजय मोटरसाइकिल से फरार हो गया. मिली जानकारी के अनुसार संजय अपने साले की हत्या कर सीधे अपने घर पहुंचा और अपने सभी कमरों में ताला जड़ तथा मोटरसाइकिल को दरवाजे पर छोड़ फरार हो गया. इधर, सुनील को लेकर उसके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलने पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मिश्र सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी हासिल की. थानाध्यक्ष श्री मिश्र ने बताया कि हत्यारे की तलाश के लिए सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है. उम्मीद है कि उसकी जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >