मांझी (सारण) : मांझी थाना क्षेत्र के सिंगही गांव में घर के भीतर प्रेमिका और खिड़की के बाहर प्रेमी ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना सोमवार की रात्रि की है. घटना की सूचना मिलने पर मांझी पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया.
घटना के संबंध में मृत लड़की के पिता ने बताया कि सुबह तीन बजे घर में शोरगुल होने पर कमरे में गया, तो बेटी मधु कुमारी फंदे के सहारे खिड़की से चिपकी हुई है और फंदे के दूसरे सिरे से एक युवक का शव लटका हुआ था.
मृत युवक गांव के ही महेंद्र महतो का पुत्र अरुण महतो है. कई ग्रामीण दबी जुबान से यह बात स्वीकार किये कि अपने-अपने परिवार के विरोध के बावजूद महीनों से प्रेमी युगल के बीच प्यार परवान पर था.
घटना की रात मधु कुमारी के पड़ोस में अमरजीत शर्मा के यहां तिलक आया था. पूरी व्यवस्था मधु के घर पर ही थी. प्रेमी अरुण राजेंद्र कॉलेज के द्वितीय वर्ष का छात्र था, जबकि प्रेमिका मधु मेरौरी देवी उच्च विद्यालय में 10वीं की छात्र थी.
