UR College Rosera: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रोसड़ा की जिला संयुक्त बैठक बुधवार को आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुमंत कुमार सिंह ने की. इसमें छात्रहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर लगातार प्रयास करने का निर्णय लिया गया.
नियमित कक्षाओं के संचालन की उठी मांग
बैठक में यूआर कॉलेज में नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई. एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए.
इसके लिए आवश्यकता के अनुसार कक्षाओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित करने की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया. संगठन ने कॉलेज प्रशासन से विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने की मांग की.
खेल और भौतिक सुविधाएं बेहतर करने पर जोर
बैठक में कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई. इसके साथ ही कॉलेज की भौतिक सुविधाओं में सुधार करने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों के लिए भी बेहतर वातावरण मिल सके.
भ्रष्टाचारमुक्त और पारदर्शी व्यवस्था की मांग
एबीवीपी की बैठक में कॉलेज में भ्रष्टाचारमुक्त एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल करने की मांग की गई. कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए.
पीजी के सभी जरूरी विषयों की पढ़ाई शुरू कराने की मांग
बैठक में स्नातकोत्तर स्तर पर सभी आवश्यक विषयों की पढ़ाई शुरू कराने की मांग भी उठाई गई. संगठन का कहना है कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की मजबूरी कम करने के लिए कॉलेज में आवश्यक विषयों की पढ़ाई की व्यवस्था होनी चाहिए.
छात्र समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का निर्णय
बैठक में छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करने पर सहमति बनी.
बैठक के अंत में पूर्व कॉलेज मंत्री प्रेम किशोर राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया और बैठक समाप्ति की घोषणा की. मौके पर ऋषभ मिश्रा, विवेक कुमार, सुमन कुमार, राघव कुमार, राजा कुमार, बिट्टू कुमार, सुमित कुमार, विकास कुमार, विवेक कुमार शर्मा, शिवम कुमार, करण कुमार, श्याम किशोर, संजीव कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
