विद्यापति धाम: सावन की दूसरी सोमवारी पर उगना महादेव की नगरी विद्यापतिधाम में जहां आस्था का सैलाब उमड़ा, वहीं भीड़ की आड़ में सक्रिय चेन स्नैचरों ने श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी. मंदिर परिसर और गर्भगृह में जलाभिषेक के दौरान चेन स्नैचिंग की घटनाओं की चर्चा रही. इसी दौरान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के दुभहा निवासी हरेश्वर प्रसाद चौधरी के गले से सोने की चेन और लॉकेट गायब हो गया. पीड़ित ने इसकी कीमत करीब छह लाख रुपये बतायी है.
जलाभिषेक के दौरान गले से गायब हुई चेन
हरेश्वर प्रसाद चौधरी ने बताया कि वह अपने चिकित्सक मित्र डॉ. अजय कुमार सिंह के साथ सोमवार की अहले सुबह उगना महादेव का जलाभिषेक करने विद्यापतिधाम पहुंचे थे. गर्भगृह में जलाभिषेक के दौरान काफी भीड़ थी. इसी बीच भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट निकाल लिया.
पूजा समाप्त होने के बाद जब उन्होंने गले पर हाथ लगाया, तब चेन गायब होने की जानकारी हुई. हरेश्वर प्रसाद के अनुसार, उन्होंने पिछले वर्ष करीब पांच लाख रुपये में चेन और लॉकेट खरीदा था. वर्तमान बाजार मूल्य करीब छह लाख रुपये बताया गया है.
भीड़ में सक्रिय था चेन स्नैचरों का गिरोह
दूसरी सोमवारी पर विद्यापतिधाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. इसी भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नैचिंग करने वाले सक्रिय रहे. श्रद्धालुओं के बीच चर्चा रही कि महिला और पुरुष दोनों चेन स्नैचर भीड़ में शामिल होकर मौका मिलते ही वारदात कर रहे थे.
मंदिर परिसर में कई अन्य श्रद्धालुओं के साथ भी चेन स्नैचिंग होने की चर्चा होती रही. हालांकि, सभी पीड़ितों के सामने नहीं आने के कारण घटनाओं की पूरी तस्वीर स्पष्ट नहीं हो सकी.
गर्भगृह में घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सावन की सोमवारी पर विद्यापतिधाम में श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है. ऐसे में गर्भगृह जैसे संवेदनशील स्थान पर चेन स्नैचिंग की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि भीड़ के बीच अपराधियों की पहचान और निगरानी के लिए पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है.
घटना के बाद पीड़ित श्रद्धालु मायूस नजर आए. श्रद्धालुओं में इस बात को लेकर नाराजगी रही कि भगवान के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे लोगों को अपनी कीमती सामान की सुरक्षा की चिंता करनी पड़ी.
सादे कपड़ों में पुलिस तैनाती की मांग
श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने की मांग की है. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी मजबूत करने और भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग की गयी है. लोगों का कहना है कि सावन की बाकी सोमवारी पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है.
यह भी पढे़ं: रंगदारी नहीं देने पर बाइक पार्ट्स दुकान पर फायरिंग, दहशत का माहौल
