Samastipur News:रोसड़ा नप की बैठक में कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

नगर परिषद रोसड़ा की सशक्त स्थायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को नप कार्यालय प्रकोष्ठ में सभापति मीरा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई.

Samastipur News:रोसड़ा : नगर परिषद रोसड़ा की सशक्त स्थायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को नप कार्यालय प्रकोष्ठ में सभापति मीरा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई. इसमें नगर विकास, जनसुविधा, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लिये गये. बैठक में लिये गये प्रमुख निर्णय में वार्ड 17 में वेंडिंग जोन व मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण, वार्ड संख्या 17 स्थित पुरानी हॉस्पिटल की भूमि पर वेंडिंग जोन, मार्केट कॉम्प्लेक्स एवं मछली मार्केट के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया. इससे छोटे व्यवसायियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार एवं नगर की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. नप के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संतुलित एवं योजनाबद्ध बजट प्राक्कलन तैयार करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि नगर के समग्र विकास को गति दी जा सके. नगर क्षेत्र के नये बसावटों एवं अब तक जलापूर्ति से वंचित लाभुकों को मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के तहत नया जल कनेक्शन उपलब्ध कराने पर सहमति बनी. जिससे प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा सके. प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत प्राप्त लगभग 3000 आवेदनों का शीघ्र सत्यापन एवं जियो टैगिंग कराने का निर्णय लिया गया, ताकि पात्र लाभुकों को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ मिल सके. नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ई प्रोक 2.0 के माध्यम से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण हेतु शीघ्र निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने का प्रस्ताव पारित किया गया. नगर के विभिन्न वार्डों में नाली-गली योजना के तहत नई योजनाओं को स्वीकृति दी गई. जिससे आवागमन व जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके. वार्ड संख्या 18, 20 सहित अन्य वार्डों में नये बोरिंग कराकर वंचित लाभुकों को जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर परिषद रोसड़ा के अधीन उपलब्ध चलंत शौचालयों को वैवाहिक एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों हेतु आम नागरिकों को दो हजार रुपए प्रति कार्यक्रम की दर से किराये पर उपलब्ध कराया जायेगा. जिससे आमजन को किफायती दर पर सुविधा मिल सके. बैठक में उप सभापति बबीता कुमारी, रिंपल सिंह, ममता देवी शर्मा, श्याम बाबू सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी उपेन्द्र नाथ वर्मा, योजना प्रभारी सुमित कुमार, लेखापाल संजीत कुमार यादव आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ankur kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >