Samastipur News: दलसिंहसराय के आर.बी. कॉलेज में तृतीय सेमेस्टर नामांकन के दौरान अवैध शुल्क वसूली का आरोप लगने के बाद मामला गरमा गया है. छात्रों ने बुधवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर वसूली गई राशि वापस करने की मांग की है.
एससी-एसटी छात्रों से शुल्क लेने का आरोप
छात्र नेता कुंदन यादव के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि स्नातक सत्र 2023-27 के तृतीय सेमेस्टर नामांकन में छात्राओं और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के छात्रों से भी शुल्क लिया गया. छात्रों का कहना है कि सरकारी नियमों के अनुसार इन श्रेणियों को नामांकन शुल्क में पूरी छूट है.
दूसरे कॉलेज का दिया उदाहरण
विद्यार्थियों ने कहा कि शाहपुर पटोरी के एएनडी कॉलेज में इसी तरह लिया गया शुल्क विरोध के बाद वापस किया जा चुका है. ऐसे में आर.बी. कॉलेज में भी छात्रों से ली गई राशि तत्काल लौटाई जानी चाहिए. छात्रों का आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से वसूली की गई है.
आंदोलन की चेतावनी
छात्रों ने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सभी छात्र-छात्राएं एकजुट होकर आंदोलन करेंगे. इसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय पर होगी. आवेदन की प्रतिलिपि बिहार राजभवन, एलएनएमयू दरभंगा के कुलपति और अनुमंडलाधिकारी दलसिंहसराय को भी भेजी गई है.
कॉलेज प्रशासन की चुप्पी
खबर लिखे जाने तक कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इससे छात्रों में नाराजगी और बढ़ गई है.
यह भी पढे़ं: Samastipur: तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर घर से टकराई, युवक गंभीर रूप से घायल
समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट
