CSP robbery case of Samastipur:सीएसपी में डकैती की घटना के बाद सहमे-सहमे हैं व्यवसायी

थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बस्ती स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में अपराधियों द्वारा डकैती की घटना के बाद मदुदाबाद बाजार के व्यवसायी सहमे-सहमे हैं.

CSP robbery case of Samastipur:मोहिउद्दीनगर : थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बस्ती स्थित ग्राहक सेवा केंद्र में अपराधियों द्वारा डकैती की घटना के बाद मदुदाबाद बाजार के व्यवसायी सहमे-सहमे हैं. लोग हैरान हैं कि इतनी भीड़भाड़ वाली जगह पर ठीक दोपहर दिन दहाड़े डकैती जैसे वारदात को अंजाम देना अपराधियों के दुस्साहस का परिणाम है. घटना के बाद से व्यवसाइयों के बीच कई तरह की चर्चा की जा रही थी. सुबह से ही सब्जी मंडी होने के कारण मदुदाबाद बाजार में काफी चहल-पहल व भीड़ बढ़ जाती है. स्थानीय से लेकर बाहरी व्यापारी कई तरह की वस्तुओं की खरीदारी करते हैं. घटना के बाद व्यवसाइयों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. व्यापारी मदुदाबाद बाजार में स्थायी पुलिस बल की तैनाती एवं पुलिस गश्ती बढ़ाने की जरूरत जता रहे हैं. हालांकि छोटे कारोबारियों पर घटना के बाद आंशिक असर दिख रहा किंतु बड़े कारोबारी इसे लेकर कई तरह की आपस में मंत्रणा करते दिख रहे थे. व्यवसायियों ने पुलिस के आलाधिकारियों से बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है. घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है. चौक चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी भी देखी गई.

बदमाशों की तलाश में पुलिस कर रही है छापेमारी

बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम उनके छिपने के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. समाचार प्रेषण तक इस घटना में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी. हालांकि पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए बदमाशों तक हर संभव पहुंचने की कोशिश में जुटी है. डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है. शीघ्र बदमाशों को दबोचने में सफलता मिलेगी. इधर, सीएसपी संचालक राजा प्रीतम ने थाने में घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसमें आधे दर्जन अज्ञात बदमाशों को आरोपित किया है. दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि महज 5 मिनट में बदमाशों ने हथियार के बल पर लूट को अंजाम दिया. जब तक कुछ समझ में आता, दो लाख तेरह हजार रुपए लूटकर फरार हो गये. लूटपाट के क्रम में दो कर्मियों को चाकू मारकर जख्मी कर दिया. उनका इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PREM KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >