Samastipur News: समस्तीपुर के पूसा स्थित उमा पांडेय महाविद्यालय के सभागार में सत्र 2026-30 के नव नामांकित छात्र-छात्राओं के स्वागत, दीक्षारंभ एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति, CBCS पाठ्यक्रम और सेमेस्टर प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई.
Pusa News: नवप्रवेशी छात्रों का किया गया स्वागत
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय झा के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में संयोजक मंडल के सदस्य डॉ. भवेश कुमार शांडिल्य ने सभी नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत किया. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से महाविद्यालय आकर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया.
CBCS और सेमेस्टर प्रणाली की दी जानकारी
कार्यक्रम में डॉ. दीपक भारद्वाज ने CBCS पाठ्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी. वहीं डॉ. प्रियंका कुमारी ने सेमेस्टर प्रणाली की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नई व्यवस्था को समझने की सलाह दी.
नई शिक्षा नीति पर हुआ मार्गदर्शन
डॉ. प्रवीण कुमार ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों और महत्व से अवगत कराया. वहीं डॉ. प्रमोद कुमार ने छात्रों को पूरी लगन और अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया.
शिक्षकों ने साझा किए अपने विचार
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. दिनेश चंद्र पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया तथा मंच संचालन भी किया. इस अवसर पर डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. वृंदावन लाल जाटव, डॉ. लीलावती कुमारी, डॉ. ब्रज किशोर कुमार, डॉ. मुकेश कुमार सहित कई शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों तथा पूर्व छात्र राहुल कुमार की उपस्थिति रही.
