मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने स्कूली छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक विकास को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत अब राज्य के सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों के विद्यार्थी आधुनिक खेल परिसरों की सैर करेंगे. शिक्षा विभाग के उप सचिव अजय सतीश भेंगरा ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिया है.
सूची में शामिल हुए पटना और राजगीर के दो बड़े खेल परिसर
जारी पत्र के मुताबिक, शैक्षणिक भ्रमण के लिए निर्धारित स्थलों की सूची में दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल परिसरों को जोड़ा गया है:
- पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना: राजधानी पटना स्थित इस बहुउद्देशीय खेल परिसर में छात्रों को विभिन्न इंडोर और आउटडोर खेलों की आधुनिक सुविधाओं को देखने का अवसर मिलेगा.
- राज्य खेल अकादमी व अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, राजगीर: राजगीर में नवनिर्मित अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और खेल अकादमी का भ्रमण कराया जाएगा.
कक्षा 6 से 12 तक के चयनित छात्रों को मिलेगा मौका
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, राजकीय, राजकीयकृत एवं अल्पसंख्यक सहित गैर-सरकारी सहायता प्राप्त मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के वर्ग 6 से 12 तक के चयनित छात्र-छात्राएं इस परिभ्रमण में भाग लेंगे. खेल विभाग, बिहार से मिले प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री के औपचारिक अनुमोदन के बाद यह आदेश जारी हुआ है. सभी डीईओ को आगामी परिभ्रमण में इन दोनों स्थलों को अनिवार्य रूप से शामिल करने का टास्क दिया गया है.
छात्रों में खेल भावना और सर्वांगीण विकास को मिलेगा बढ़ावा
समस्तीपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि इस निर्णय से बच्चों में खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के प्रति नया उत्साह पैदा होगा. विद्यार्थी राज्य के विश्वस्तरीय खेल ढांचे से रूबरू होंगे, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा. यह पहल पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी.
ये भी पढ़ें: युवक पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा: पुलिस व पब्लिक ने चौर से खदेड़कर पिता और दो बेटों को दबोचा
