Samastipur News: मोहिउद्दीननगर : थाना क्षेत्र के रमैया में रविवार की शाम पोखर में दो चचेरे भाई डूब गये. जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जीवन मौत से संघर्ष कर रहा है .मृतक की पहचान गांव के पंकज कुमार के पुत्र युवराज कुमार (6) के रूप में की गई है. जबकि दूसरे इलाजरत बच्चे सुधीर कुमार का पुत्र आर्यन कुमार बताया गया है. दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं. सूचना पर दारोगा दिवाकर प्रसाद के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे अपने दरवाजे के पास खेल रहे थे. खेलते-खेलते दोनों बच्चे घर के समीप स्थित नासी पोखर के किनारे जा पहुंचे. इसी बीच दोनों फिसलकर पोखर के गहरे पानी में चले गये. जब दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. इसकी जानकारी खेत में काम कर रहे पंकज कुमार को मिली तो दौड़े भागे घर पहुंचे. ग्रामीणों के साथ मिलकर बच्चों की तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान दोनों बच्चे पोखर में उपलाते मिले. इस दौरान ग्रामीणों ने तत्परता दिखलाते हुए दोनों को पानी से बाहर निकाला. तदुपरांत आननफानन में विद्यापतिनगर थाने के कांचा के एक अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने युवराज कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं आर्यन कुमार की हालत नाजुक देख उसे बेहतर चिकित्सा के लिए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई. जिससे मातमी सन्नाटा पसर गया. युवराज की मौत की खबर सुनकर माता अमृता कुमारी बदहवास थी. भाई अभिराज व बहन सोनाक्षी का रो-रोकर हाल बुरा था. मृतक बच्चे का अंतिम संस्कार सोमवार को कर दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
