Samastipur News: मोहिउद्दीननगर : रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने सोमवार को सीएचसी का निरीक्षण किया. इस दौरान सदस्यों ने ओपीडी पंजीयन कक्ष, दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, अस्पताल में पेयजल की उपलब्धता, दवा वितरण, रोगियों को दिए जाने वाले भोजन, साफ सफाई आदि की जानकारी अस्पताल प्रबंधन एवं इलाज के लिए पहुंचे लोगों से प्राप्त की. समिति के सदस्यों में रुक्मणि देवी, संतोष पासवान, मनोज राम, अशोक राय व गीतांजलि ने अवलोकन किया तो एक्स-रे जांच कक्ष व प्रखंड मूल्यांकन सहायक का कक्ष बंद पाया गया. सदस्यों को लोगों ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने में काफी कठिनाइयां आती है. कथित तौर से पैसे की मांग की जाती है. वहीं ओपीडी में शुद्ध पेय जल की अनुपलब्धता व शौचालय की गंदगी देख सदस्य बिफर पड़े. अस्पताल में इलाजरत रोगियों के लिए दिये जाने वाले नाश्ते व भोजन की जानकारी सदस्यों ने ली. जिसमें अपेक्षित सुधार करने की बात कही. ओपीडी चिकित्सा कक्ष में एग्जामिन टेबल के इर्द-गिर्द पर्दे लगाने का निर्देश दिया ताकि महिला रोगियों को चिकित्सा के दौरान किसी प्रकार की कोई कठिनाई न हो. इस क्रम में सदस्यों ने मरीजों की शिकायत पर चिकित्सकों के पर्ची पर लिखे दवा मरीजों को हर हाल में दवा वितरण कक्ष में कार्यरत कर्मियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल के बेहतर संचालन के कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये. ताकि आमजन को प्रदत्त सरकारी सुविधाओं को धरातल पर उतारने में मदद मिल सके. वहीं सभी कर्मियों को समय अनुपालन व रोगियों के साथ बेहतर संवाद व व्यवहार स्थापित करने की बात कही गई. हेल्थ मैनेजर बहाव आलम ने बताया कि इस बाबत संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है. इस मौके पर डॉ. नरेंद्र सिंह, यूनिसेफ के बीएमसी अजय कुमार सिंह, प्रभाष कुमार पप्पू, नवनीत कुमार, राजीव कुमार सिंह, राजू कुमार, राम कुमार सिंह मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
