समस्तीपुर: कल्याणपुर थाना क्षेत्र के विरसिंहपुर चौक पर सोमवार को बाइक सवार तीन अपराधियों की बाइक ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर पलट गयी. इसके बाद तीनों अपराधी पिस्टल लहराते हुए भागने लगे. ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो अपराधियों को पकड़ लिया, जबकि एक अपराधी मौके से फरार हो गया. ग्रामीणों ने पकड़े गये दोनों अपराधियों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे उनके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आयीं.
सूचना मिलने पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों अपराधियों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गयी. उनकी स्थिति को देखते हुए दोनों को कल्याणपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर अवस्था में इलाज जारी होने की बात कही गयी है.
पिस्टल और चार गोलियों के साथ दो अपराधी पकड़े गये
पुलिस के अनुसार, पकड़े गये दोनों आरोपितों के पास से एक पिस्टल और चार गोलियां बरामद की गयी हैं. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी पहचान गलत बताने का प्रयास किया. हालांकि, उनके द्वारा बतायी गयी पहचान के अनुसार एक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांद चौर रहीम टोल निवासी फैजुलुर रहमान के पुत्र मो. फैयाज और दूसरे की पहचान स्वर्गीय दिनेश महतो के पुत्र रोशन कुमार के रूप में बतायी गयी है.
वहीं, मौके से फरार तीसरे अपराधी की पहचान दोनों ने सातनपुर शिवनगर निवासी अजय कुमार के रूप में बतायी है.
फाइनेंस कर्मी कर रहा था पीछा
मामले के अनुसार, थाना क्षेत्र के फुलहारा गांव निवासी रंजन कुमार के पुत्र अमन कुमार पल्सर बाइक से फाइनेंस कर्मी के रूप में किश्त जमा नहीं कर पाने वाले लोगों की गाड़ी पकड़ने का काम करते हैं. अमन कुमार ने बताया कि वह गोपालपुर लाइन होटल के पास से संदिग्ध बाइक सवार तीनों युवकों का पीछा कर रहे थे.
गोपालपुर से विरसिंहपुर पहुंचने के दौरान अपराधियों को आशंका हुई कि कोई उनका पीछा कर रहा है. वहीं, फाइनेंस कर्मी को भी बाइक संदिग्ध लग रही थी. इसी दौरान विरसिंहपुर पहुंचते ही एक अपराधी ने फायरिंग कर दी. इसके बाद वे बाइक तेजी से भगाने लगे.
ब्रेकर पर पलटी बाइक तो पिस्टल लहराकर भागे
विरसिंहपुर चौक पर ब्रेकर के पास पहुंचते ही अपराधियों की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी. इसके बाद तीनों अपराधी पिस्टल लहराते हुए पैदल भागने लगे. घटना को देखकर आसपास के ग्रामीण भी सक्रिय हो गये और चारों ओर से उन्हें घेरने का प्रयास शुरू कर दिया.
अपने को घिरता देख अपराधियों ने दोबारा दो राउंड फायरिंग की. इसके बावजूद ग्रामीण पीछे नहीं हटे. अंततः जूस फैक्ट्री के पास बांस की बिट्टी में ग्रामीणों ने दो अपराधियों को घेरकर पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी.
पुलिस ने पहुंचकर दोनों को ग्रामीणों से छुड़ाया
घटना की सूचना मिलने पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद दोनों अपराधियों को ग्रामीणों के कब्जे से अपने नियंत्रण में लिया. चोटिल दोनों अपराधियों को इलाज के लिए कल्याणपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया.
फाइनेंस कर्मी अमन कुमार के अनुसार, गोपालपुर लाइन होटल के पास से ही तीनों उसका पीछा कर रहे थे. विरसिंहपुर पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया.
लदौरा से सातनपुर लौटने की बात कही
पूछताछ के दौरान पकड़े गये अपराधियों ने लदौरा से सातनपुर लौटने के क्रम में घटना होने की बात स्वीकार की है. हालांकि, पुलिस मामले में अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर अनुसंधान कर रही है.
पुलिस ने दो आरोपितों के साथ एक पिस्टल और चार गोलियां बरामद होने की बात कही है. फरार तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस छापेमारी कर रही है.
