CSBC News: सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए आज दौड़ेगी चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

Csbc News: सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर आज बेतिया, मधुबनी और मुजफ्फरपुर से पटना के लिए चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. समस्तीपुर रेल मंडल ने दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.पढ़ें पूरी खबर...

मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट

CSBC News: सिपाही भर्ती (केंद्रीय चयन पर्षद) की ओर से आयोजित मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने रविवार को चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है. पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल की ओर से बेतिया, मधुबनी और मुजफ्फरपुर से पाटलिपुत्र (पटना) के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. रविवार को परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और सुपौल समेत कई जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए रेलवे ने यह विशेष व्यवस्था की है, ताकि आम यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

बेतिया से चलेंगी दो परीक्षा स्पेशल

समस्तीपुर मंडल के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार बेतिया से पाटलिपुत्र के लिए दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन होगा. पहली ट्रेन दोपहर एक बजे और दूसरी ट्रेन शाम छह बजे बेतिया से रवाना होगी. दोनों ट्रेनें बापूधाम मोतिहारी, चकिया, मेहसी और मुजफ्फरपुर होते हुए हाजीपुर एवं सोनपुर के रास्ते पाटलिपुत्र पहुंचेंगी.

मधुबनी से दोपहर एक बजे खुलेगी ट्रेन

मधुबनी-पाटलिपुत्र परीक्षा स्पेशल ट्रेन मधुबनी से दोपहर एक बजे प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी. इससे मिथिलांचल क्षेत्र के हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी.

मुजफ्फरपुर से शाम छह बजे मिलेगी विशेष ट्रेन

मुजफ्फरपुर से भी पाटलिपुत्र के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा. यह ट्रेन शाम छह बजे मुजफ्फरपुर जंक्शन से खुलेगी और हाजीपुर के रास्ते पाटलिपुत्र पहुंचेगी. रेलवे ने बताया कि अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों और अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती की गई है. आरपीएफ और रेल प्रशासन की टीम भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा को लेकर लगातार निगरानी रखेगी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >