समस्तीपुर से गिरिजा नन्दन शर्मा की रिपोर्ट
Weather Update: उत्तर बिहार के किसानों और आम नागरिकों के लिए आने वाले कुछ दिन काफी भारी पड़ने वाले हैं.डॉ. आरपीसीएयू, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा संयुक्त रूप से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 3 जून से 7 जून 2026 के बीच पूरे उत्तर बिहार में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा .इसके साथ ही कई जिलों को भीषण लू (HeatWave) का प्रकोप झेलना पड़ेगा .
इन 6 जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने विशेष रूप से समस्तीपुर, बेगूसराय, सारण, सिवान, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.इन जिलों में 4 और 5 जून 2026 को तीव्र लू चलने की प्रबल संभावना जताई गई है.
तापमान में होगी बढ़ोतरी, सताएगी उमस भरी गर्मी
पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.दोपहर के समय पारा 37 से 40 डिग्री सेल्सियस या उससे पार जा सकता है.न्यूनतम तापमान भी 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे रात में भी राहत नहीं मिलेगी.इस दौरान 8 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वा हवा चलेगी . सुबह के समय नमी 70 से 75 प्रतिशत रहने से उमस परेशान करेगी, जबकि शाम को यह घटकर 20 से 25 प्रतिशत हो जाएगी, जिससे हवाएं शुष्क और गर्म हो जाएंगी.
कृषि वैज्ञानिकों और डॉक्टरों ने दी सलाह
मौसम के इस तल्ख मिजाज को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खड़ी फसलों में शाम के समय हल्की सिंचाई करने की सलाह दी है.वहीं, आम लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बेवजह बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सूतीकपड़े पहनने की हिदायत दी गई है.
