समस्तीपुर : पटना के बहुचर्चित आदित्य व सौरभ अपहरणकांड सहित कई संगीन मामलों में फरार वैशाली का शातिर अपहरणकर्ता हरेराम चौधरी को मंगलवार देर रात पटोरी पुलिस ने पटोरी बाजार में दबोच लिया. हरेराम के पास से पुलिस ने कट्टा व दो गोली बरामद किया है. उसकी तलाश मोहिउद्दीननगर पुलिस सहारा बैंक के मैनेजर नरेश कुमार चौधरी अपहरण कांड में कर रही थी. बता दें कि गत 25 जनवरी को जब अपराधी बैंक मैनेजर का अपहरण कर भाग रहे थे, तो पुलिस ने सरायरंजन थाना क्षेत्र में वाहन का पीछा कर उन्हें बरामद किया था.
पांच अपराधी गिरफ्तार हुए थे. उस समय अपराधियों के पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किया गया था. पुलिस अधीक्षक नवल किशोर सिंह ने बुधवार को बताया कि रात पटोरी पुलिस स्टेशन से बाजार जा रही थी, तो हरेराम पुलिस को देख भागने लगा. पुलिस टीम में शामिल इंस्पेक्टर राजेश कुमार ,दारोगा ताराकांत झा, जमादार राजेंद्र प्रसाद सिंह आदि ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. युवक की पहचान वैशाली जिले के महनार थाने के करनौती गांव निवासी सुरेश चोधरी के पुत्र हरेराम चौधरी के रूप में की गयी.एसपी ने बताया कि हरेराम गिरोह का सरगना है. मैनेजर अपहरण के दौरान यह भागने में सफल रहा था. गिरफ्तार हरेराम ने एसपी के समक्ष कबुल किया कि व मैनेजर के परिजन से 30 लाख रुपये फिरौती लेने की योजना बनायी थी. अपहरण के बाद उसे बक्सर लेकर जा कर छिपाता.
एसपी ने बताया कि हरेराम गिरोह के ज्यादातर अपराधी गिरफ्तार हो चुके थे इस कारण यह कुछ नये लड़के को लेकर नया गिरोह बनाने की योजना बना रहा था.
