चढ़ता रहा तापमान, बढ़ता गया मतदान
वोटिंग का जुनून. तीखी धूप का भी नहीं दिखा असर, बुजुर्गों व युवाओं ने िदखाया उत्साह
समस्तीपुर : सूरज की प्रचंड किरणें भी मतदाताओं के हौसले को पस्त नहीं कर पाई. तापमान का पारा जितना चढ़ता रहा, वोटों का प्रतिशत भी घटने के बजाय बढ़ता गया. कड़ी धूप में भी लाइन में लगकर मतदाताओं ने शांतिपूर्वक अपने वोट गिराये. इसे मतदाताओं की जागरूकता कहें या मनचाहा प्रतिनिधि चुनने का जुनून, हर बूथ पर वोटर धैर्य के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आये. महिलाएं भी पीछे नहीं रही बल्कि कहीं-कहीं तो उनकी संख्या पुरुषों पर भारी थीं.
मतदाताओं के उत्साह का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि दिन के नौ बजे तक मतदान का प्रतिशत 15 पार कर गया था. निर्धारित समय सुबह सात बजे नगर परिषद के हर बूथ पर शांतिपूर्वक मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई. वोटिंग शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाता उमड़ने लगे. मतदाताओं के उत्साह का आलम यह था कि वोटिंग शुरू होने के एक घंटे बाद ही मतदान का औसत प्रतिशत 11 पहुंच गया. इसके बाद तो तापमान और मतदान में बढ़ने की होड लगती रही है.
धूप तेज होती गयी, लेकिन मतदाताओं के हौसले पस्त नहीं हुए और उनकी कतार लंबी होती चली गयी. तुर्रा यह कि हर जगह शांति के साथ मतदाताओं ने अपना वोट गिराया. प्रत्येक मतदान भवन में स्टेटिक फोर्स दिए गये थे. हालांकि, जिलाधिकारी से लेकर आला अधिकारी तक घूम-घूम कर व्यवस्था का जायजा लेते देखे गये. समस्तीपुर भीषण गरमी की चपेट में है.
आसमान से आग बरस रही है व गरमी ने लोगों को बेहाल कर दिया है. धूप की किरणों इतनी प्रचंड हैं कि लोगों का अपने घर से निकलना मुश्किल है. बावजूद गरमी को मात देकर लोग वोट गिराने घरों से निकले. दोपहर एक बजे तापमान 39 डिग्री को छू रहा था, तो वोटों का औसत प्रतिशत 40 को पार कर गया था.
जिले में सूरज की गरमी को चुनौती देते हुए मतदाताओं ने वोटों की जमकर बारिश की.
