घटना के एक घंटे बाद पुलिस ने एलआइसी कार्यालय के पास बरामद किया बैग
शहर के पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड में अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
समस्तीपुर : शहर के पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड में बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने साइकिल दुकानदार रामबाबू सिंह की बाइक की डिक्की तोड़कर 50 हजार रुपये उड़ा लिया. घटना दोपहर उस समय हुई जब वह एसबीआई से रुपये की निकासी कर पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड स्थित एक साइकिल के थोक विक्रेता के यहां पहुंचे थे.
घटना की सूचना पर हरकत में आयी नगर पुलिस ने शहर के ताजपुर रोड स्थित एलआईसी के पास से उड़ायी गई बैग बरामद करने में कामयाबी पा ली. हालांकि बैग से रुपये गायब थे. इस मामले में दुकानदार द्वारा नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.घटना के संबंध में बताया गया है कि मुफस्सिल थाने के पुनास गांव के साइकिल दुकानदार रामबाबू कचहरी परिसर स्थित एसबीआइ मेन ब्रांच से चेक द्वारा 50 हजार रुपये की निकासी कर रुपये को बाइक की डिक्की में बैग रख कर पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड स्थित साइकिल के थोक दुकानदार के पास पहुंचे . वह बाइक दुकान के पास लगाकर सामान का ऑर्डर देने लगे कि इसी दौरान उसकी बाइक की डिक्की तोड़कर अपराधियों ने बैग गायब कर दिया. बैग में रुपये के अलावा विभिन्न बैंकों के पास बुक, गाड़ी का कागजात आदि था.
घटना स्थल पर इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि संभव है कि बैंक से ही अपराधी रामबाबू के पीछे लगा हो. बैंक व थानेश्वर पुल के पास लगी सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला जा रहा है. चोर की पहचान होने पर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी. चर्चा है कि कोढा गिरोह के सदस्यों ने घटना को अंजाम दिया है.
