समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डी के गायेन शनिवार को समस्तीपुर रेल मंडल के मुजफ्फरपुर – सीतामढ़ी भाया जुब्बासहनी पार्क व सीतामढ़ी -समस्तीपुर भाया दरभंगा रेल खंड का निरीक्षण करेंगे. इस रेलखंड के निरीक्षण से लौटने पर देर शाम स्थानीय जंकशन का भी निरीक्षण कर सकते हैं. उसके बाद जीएम मंडलीय रेलवे अस्पताल में नवनिर्मित आईसीयू भवन व अधिकारी ट्रांजिट हाउस का उद्घाटन करेंगे. रेलवे जीएम के निरीक्षण को देखते हुए रेलवे अधिकारी तैयारी को अंतिम लुक दे रहे हैं.
रेलवे सूत्रों ने बताया कि जीएम के साथ आरपीएफ के आईजी रविन्द्र वर्मा भी रहेंगे. जिस कारण आरपीएफ भी तैयारी में जुटी हुई है. इस दौरान स्थानीय स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट का रंगरोगन किया गया है. वहीं जब्त सामान को व्यवस्थित ढंग से रखा गया है. पुलिस पदाधिकारियों के लिए भी अलग से कमरे का निर्माण कराया गया है. उधर, जीएम के निरीक्षण को देखते हुए डीआरएम सुधांशु शर्मा शाखा अधिकारियों के साथ कई बार मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी- समस्तीपुर भाया दरभंगा निरीक्षण कर चुके हैं.
