डीआरएम ने ऐसे मकानों पर नजर रखने को कहा

समस्तीपुर : स्थानीय रेलवे स्टेशन के आसपास का जर्जर घोषित मकान आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है. इन मकानों में नकली किन्नरों से लेकर अपराधी शरण ले रहे हैं. हाल के दिनों में ऐसे मकानों के पास ही रात में यात्रियों के साथ लूटपाट की घटना घटी है. मामले की जानकारी उजागर होने के […]

समस्तीपुर : स्थानीय रेलवे स्टेशन के आसपास का जर्जर घोषित मकान आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन गया है. इन मकानों में नकली किन्नरों से लेकर अपराधी शरण ले रहे हैं. हाल के दिनों में ऐसे मकानों के पास ही रात में यात्रियों के साथ लूटपाट की घटना घटी है. मामले की जानकारी उजागर होने के बाद डीआरएम ने आरपीएफ को ऐसे मकानों पर नजर रखने का निर्देश जारी किया है.

रेल एसपी ने जीआरपी को अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है. रेलवे सूत्रों ने बताया कि समस्तीपुर रेलवे यार्ड में थानेश्वर पुल की ओर जाने वाले रास्ते में पुराना केबिन जर्जर घोषित है. उक्त मकान रात के दौरान आपराधिक गतिविधि का केंद्र बन जाता है. हाल ही में इसी मकान के पास ट्रेन से उतर कर बस पकड़ने जा रहे एक यात्री से
55 हजार रुपये अपराधियों ने लूट लिया था. लूटपाट के दौरान अपराधी यात्री को इसी मकान के अंदर घसीट कर ले जाने का प्रयास कर रहे थे. इसके अलावा पुराना कर्मचारी यूनियन का मकान भी जर्जर घोषित हो गया है. चर्चा है कि यूनियन कार्यालय खाली होने के बाद मकान में संदिग्ध लोगों ने कब्जा जमा लिया है. जहां शाम ढलते ही महफिल जमती है. जीआरपी थानाध्यक्ष विनोद राम ने बताया कि पुलिस ऐसे मकानों पर नजर रख रही है. अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी होगी.
खराब मकानों से सज कर निकलते हैं नकली किन्नर : रेलवे सूत्रों ने बताया कि स्टेशन पर नकली किन्नरों का गिरोह सक्रिय हो गया है. उक्त जर्जर मकानों से वैसे लोग सजधज कर निकलते हैं. दो दिन पूर्व भी आरपीएफ ने उक्त मकान के पास छापा मारकर एक युवक को नकली किन्नर के वेश में गिरफ्तार किया था. हालांकि, उससे जुर्माने की राशि लेने के बाद छोड़ दिया गया. सूत्रों का यह भी कहना है कि रात के दौरान सादी वर्दी में जा रहे एक पुलिस पदाधिकारी को उक्त लोगों ने घेर लिया था. लेकिन जैसे ही उन्हें यह जानकारी मिली कि युवक पुलिस पदाधिकारी है तो सभी नकली किन्नर भाग खड़े हुए.
दैनिक यात्री संघ ने की रेल एसपी से शिकायत : रेलवे के जर्जर घोषित मकानों में आपराधिक गतिविधि के बारे में समस्तीपुर मंडल दैनिक यात्री संघ के सचिव राकेश कुमार तिवारी ने गत सप्ताह समस्तीपुर आये रेल एसपी बीएन झा से शिकायत की है. रेल एसपी ने जीआरपी थानाध्यक्ष को इसको लेकर रात के दौरान अभियान चलाने का निर्देश दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >