आक्रोश. भूईधारा में टूटे तार को ठीक करने पहुंचा था मिस्त्री
बीडीओ व बिजली विभाग के पदाधिकारियों के पहुंचने पर किया मुक्त
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भूईधारा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह हंगामा किया. इस दौरान मौके पर बिजली के टूटे हुए तार को ठीक करने पहुंचे बिजली मिस्त्री को भीड़ ने बंधक बना लिया. आक्रोशित ग्रामीण वरीय अधिकारी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे. बाद में घटना की सूचना पर पहुंचे स्थानीय बीडीओ डॉ भुवनेश्वर मिश्र के साथ-साथ पुलिस एवं बिजली विभाग के पदाधिकारियों ने भीड़ को समझा बुझा कर शांत किया व बिजली कर्मियों को भीड़ से मुक्त कराया. बताया जाता है कि उक्त गांव से गुजरने वाले बिजली तार काफी जर्जर है.
शुक्रवार की शाम गांव में एक जगह 11 हजार वोल्ट का हाइ टेंशन तार टूट कर गिर गया था. जहां खेलने के दौरान बेगमपुर निवासी मुकेश शर्मा की चार वर्षीया पुत्री सोनाली कुमारी गंभीर रूप से झुलस गयी थी. उसे डीएमसीएच में इलाज के लिए भेजा गया था. इधर, घटना के बाद शनिवार की सुबह जब मिस्त्री उक्त तार को ठीक करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने जर्जर तार को पूरी तरह से बदल देने को कहा. इस पर मिस्त्री द्वारा असमर्थता जताने पर लोग आक्रोशित हो गये और उन्हें बंधक बना लिया.
बाद में घटना की सूचना पर बीडीओ डाॅ भुवनेश्वर मिश्र, बिजली विभाग के एसडीओ शहरी एमके शर्मा एवं ग्रामीण एसडीओ चंदन कुमार के साथ-साथ स्थानीय पुलिस पदाधिकारी भी पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों को जर्जर तार बदलने का आश्वासन
देकर शांत किया व बिजली मिस्त्री को मुक्त कराया.
ग्रामीणों से वार्ता करने पहुंचे विद्युत विभाग के एसडीओ.
घर के ऊपर से गुजर रहे तार को हटाने की मांग
शहर के पंजाबी काॅलोनी गली नंबर एक के राहुल कुमार एवं अन्य लोगों ने सहायक विद्युत अभियंता को आवेदन देकर घनी आबादी वाले मोहल्ले में घर के ऊपर से गुजर रहे 33 हजार वोल्ट तार को सुरक्षात्मक दृष्टि से हटाने की मांग की है. इसको लेकर स्थानीय विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन को भी एक आवेदन सौंपकर उनसे इस मामले में पहल करने की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि घरों के काफी नजदीक से 33 हजार एवं 11 हजार वोल्ट तार गुजरा है, जो कई स्थानों पर जर्जर भी हो चुकी है. इससे उसके टूट कर गिर जाने की शंका भी बनी रहती है. अगर, इसे जल्द ठीक नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.
