कामयाबी. पुलिस को देख चालक वाहन छोड़ फरार
जब्त शराब के साथ पुलिस पदाधिकारी.
मसीना-खेढ़ी बांध पर सोमवार की सुबह पुलिस को मिली कामयाबी
समस्तीपुर : खानपुर पुलिस ने सोमवार की सुबह भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. उक्त शराब के साथ एक बोलेरो को भी जब्त किया गया है. हालांकि, बोलेरो चालक गाड़ी छोड़कर भागने में सफल हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
शराब बरामदगी के बाद सोमवार को थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी तनवीर अहमद ने बताया कि खानपुर थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार विद्याकर को मसीना गांव के अशोक कुमार मिश्रा द्वारा एक बोलेरो से भाड़ी मात्रा में शराब ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने मसीना-खेढ़ी बांध पर सोमवार की अहले सुबह करीब चार बजे उक्त बोलेरो का पीछा किया. कुछ दूर तक भागने के बाद बोलेरो चालक अशोक कुमार मिश्रा अपनी गाड़ी को छोड़ अंधेरे का फायदा उठा कर भाग खड़ा हुआ.
भागने की जल्दीबाजी में उसका मोबाइल गाड़ी में ही छूट गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. डीएसपी ने कहा कि उक्त बोलेरो से 15 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गयी है.
शराब के साथ-साथ बोलेरो को भी जब्त कर लिया गया है. बोलेरो चालक की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पर छापेमारी भी की गयी. लेकिन वह अपने घर से गायब हो गया था. डीएसपी के मुताबिक इस घटना को लेकर उत्पाद अधिनियम के तहत अशोक मिश्रा के विरुद्ध एक प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है. आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
