कार्रवाई . स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में दिल्ली से बैग में छुपा कर ला रहा था शराब
गांव में ज्यादा दाम पर बेचने की थी योजना
चेकिंग के दौरान आरपीएफ ने किया गिरफ्तार
समस्तीपुर : आरपीएफ ने शुक्रवार रात स्थानीय स्टेशन पर दिल्ली से जयनगर लौट रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन में 24 बोतल शराब बरामद कर कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया. कारोबारी की पहचान विभूतिपुर थाने के सुरौली गांव निवासी रंजीत मिश्रा के रूप में की गयी है. आरपीएफ ने बरामद शराब और कारोबारी को जीआरपी के हवाले कर दिया है.
आरपीएफ इंस्पेक्टर एन मांझी ने बताया कि स्वतंत्रता सेनानी रात करीब छह घंटे लेट से आयी थी .प्लेटफाॅर्म नंबर पांच पर दारोगा एम रहमान पुलिस कर्मियों के साथ चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस को देख ट्रेन से उतर कर सीढ़ी की ओर आ रहा युवक पीछे मुड़ कर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें 24 बोतल शराब बरामद की गयी. पूछताछ के दौरान उक्त युवक ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करता है. बिहार में शराब बंदी है. कमाई के उद्देश्य से शराब लेकर चला आया था कि गांव में उंचे दाम पर बेचेगा. उधर जीआरपी थानाध्यक्ष विनोद राम ने बताया कि आरपीएफ द्वारा सौपे गये युवक पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है. गौरतलब है कि गम तीन दिनों से रोज किसी न किसी ट्रेन से शराब बरामद की जा रही है.
