थाने पर शिकायत करने पहुंची ठगी की शिकार महिलाएं.
ठगी की शिकार महिलाओं ने मुफस्सिल थाने में की शिकायत
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर निजामत पंचायत की घटना
समस्तीपुर : जिले में हेल्थ कार्ड बनवाने के नाम पर ग्रीन लाइफ फैमिली हेल्थ कार्ड प्राइवेट लिमिटेड नामक एक संस्था द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से रुपये ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है. ठगी की शिकार हुईं एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने इसकी शिकायत मुफस्सिल थाना पुलिस से की है. सोमवार को मुफस्सिल के जितवारपुर निजामत पंचायत के वार्ड संख्या 12 एवं 13 की दर्जनभर महिलाएं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ थाने पर अपनी शिकायत लेकर पहुंची थीं. ठगी की शिकार महिला भूल्ली देवी, मंजू देवी, देवकी देवी, निर्मला देवी, शांति देवी,
रूपा देवी एवं शत्रुघ्न सदा आदि का कहना था कि ग्रीन लाइफ फैमिली हेल्थ कार्ड प्राइवेट लिमिटेड नामक एक संस्था है. इसकी शाखा शहर के काशीपुर मोहल्ले में है. इस संस्था से जुड़े लोग गांव में आये और सभी ग्रामीणों से कार्ड बनवाने की अपील की और कहा कि जिनके पास यह कार्ड होगा उनका पैनलकृत हॉस्पिटल में मुफ्त में इलाज किया जायेगा. संस्था से जुड़े लोगों ने शहर के करीब 22 चिकित्सकों की पैनल सूची भी ग्रामीणों को दिखाया, जहां उन्हें मुफ्त सुविधा प्रदान किया जाता. इस कार्ड को बनाने के एवज में उनसे प्रति व्यक्ति 20-20 रुपये भी वसूले गये. बाद में जब महिलाओं ने कुछ बुद्धिजीवियों से इसके बारे में पूछताछ की, तो उन्हें ठगे जाने का अहसास हुआ. इसके बाद सभी महिलाएं स्थानीय जिला पार्षद भरत राय, सरपंच पति विद्याभूषण राय, वार्ड सदस्य के पति अरुण राय, उमेश राय, माले कार्यकर्ता जयंत कुमार एवं मो कादिर के साथ मामले की शिकायत लेकर थाने पर पहुंच गयीं. जहां शिकायत से संबंधित लिखित आवेदन पुलिस को सौंपा. इधर, खेमस के सचिव अशोक कुमार ने इस मामले की जांच कर उक्त संस्था पर कार्रवाई करने की मांग की है.
