वारिसनगर में चालक की लापरवाही से टेंपो पलटा
वारिसनगर : समस्तीपुर-दरभंगा पथ पर गुरुवार की दोपहर मुक्तापुर स्टेशन के समीप टेंपो पलटने से वृद्ध महिला की मौत हो गयी, वहीं तीन अन्य यात्री जख्मी हो गये. सभी जख्मी यात्रियों को स्थानीय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना पर पहुंचे मथुरापुर ओपी प्रभारी परमानंद लाल कर्ण ने महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृत महिला की पहचान कल्याणपुर के धोबगामा के उपेंद्र महतो की 60 वर्षीया पत्नी शांति देवी के रूप में की गयी है. घटना में महिला साथ जा रहे उसके पति को भी चोट लगी है. घटना के बाद टेंपो चालक गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया है. टेंपो चालक सवारी लेकर कल्याणपुर से समस्तीपुर आ रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया. इस घटना में टेंपो के नीचे दब जाने से उक्त वृद्ध महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. महिला के पति के अलावे विरसिंहपुर के रामप्रवेश राय सहित तीन अन्य जख्मी हो गये. महिला के पति ने बताया कि वह अपने बीमार बहनोई एवं बहन से मिलने की जिद लगाये बैठी थी, जो मोहनपुर रोड में स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती थे.
बीमार बहनोई को देखने अस्पताल जा रही थी महिला
